फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाहनों की तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण, पलक झपकते ही मची चीखपुकार

Sun, 12 May 2019 11:58 PM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
खतौली में सड़क हादसे के बाद लगी भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खतौली में रविवार शाम हाईवे पर तिगाई के पास हुए भीषण हादसे की वजह प्रथम दृष्टया जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। वाहनों की तेज रफ्तार के चलते हुई भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि देहरादून में बरात से लौट रहे दिल्ली के युवकों की कार के परखचे उड़ गए और कार सवार सभी सातों युवक उसी में फंसे रह गए। पलक झपकते ही खुशियां मातम में बदल गई।
विज्ञापन


दोनों वाहनों की टक्कर के जोरदार धमाके से निकटवर्ती गांव तिगाई में लोग सहम उठे। ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुुंचे तो कार सवार युवक उसी में फंसे थे, जबकि रोडवेज बस में सवार मुसाफिरों में भी चीख-पुकार मची हुई थी। इस पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना देकर खुद घायलों को कार से निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से उसमें फंसे युवकों को निकाला नहीं जा सका।

वहीं, कुछ लोग रोडवेज बस से मुसाफिरों को बाहर निकालने में जुट गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को काटकर उसमें फंसे युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन युवकों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से सीधे मेरठ के लिए रवाना कर दिया गया। बस में सवार मथुरा का एक परिवार गंभीर रूप से घायल हुआ, जिन्हें मेरठ के लिए रेफर किया गया, जबकि अन्य मामूली रूप से घायल कुछ मुसाफिरों को सीएचसी खतौली ले जाकर उपचार दिलाया गया। हादसे के बाद आरोपी बस चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


ट्रक ने साइकिल सवार युवक को कुचला
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम के समय गांव अलमासपुर में भूमिया के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आते साइकिल सवार युवक को चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

एसएसआई मदनसिंह बिष्ट ने बताया कि ट्रक की चपेट में आकर मरे युवक की पहचान राहुल (21) के रूप में हुई है। युवक शहर के प्रकाश चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में काफी समय से वेटर का काम करता था, जिसके घर व परिजनों की जानकारी नहीं मिल पाई है। हादसे के आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है।

अंसारी रोड पर बोलेरो ने फलों की ठेली को मारी टक्कर
मुजफ्फरनगर। शहर के अंसारी रोड पर रविवार शाम के समय तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बोलेरो ने होली एंजिल्स कान्वेंट स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ी फलों की ठेली को चपेट में लेकर रौंद दिया, जिसके बाद बोलेरो नाले में जा गिरी। हादसे में फलों की ठेली लगाने वाले युवक के साथ ही कई अन्य राहगीर भी बोलेरो की चपेट में आने से बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे के बाद भाग रहे बोलेरो चालक को हिरासत में लेते हुए कार को भी कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें