सूदखोरों ने चार लाख के बनाए 30 लाख
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला खालापार निवासी महिला द्वारा ब्याज पर लिए गए चार लाख रुपयों के सूदखोरों ने कुछ ही महीनों में 30 लाख रुपये बना दिए। पीड़िता की शिकायत पर सीओ सिटी ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी महिला ने सीओ सिटी राजेश द्विवेदी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने कुछ समय पूर्व मोहल्ले के ही सूदखोर से चार लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले में आरोपी ने उसके बेशकीमती मकान का इकरारनामा कराया था। पीड़िता के अनुसार इसी दौरान लॉकडाउन लगने के कारण वह सूदखोर को रुपये नहीं लौटा पाई, तो उसने ब्याज पर ब्याज लगाकर उक्त रुपयों को 30 लाख रुपये बना दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला पर मकान का बैनामा करने का दबाव बनाया और इंकार करने पर कोर्ट के आदेश पर शहर कोतवाली में पीड़िता के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज करा दी। मामले की जांच कर पुलिस ने इसमें एफआर लगा दी, जिसके बाद पीड़िता ने सीओ सिटी से मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई। सीओ सिटी ने शहर कोतवाली पुलिस को आरोपी सूदखोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए हैं।