सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंस का प्रयोग
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के दौरान बेहद जरूरी सोशल डिस्टेंस का शनिवार सुबह नवीन मंडी स्थल कूकड़ा में बखूबी इस्तेमाल किया गया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देश पर नवीन मंडी में फल-सब्जी खरीदने पहुंचे फुटकर विक्रेताओं को सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए सब्जी खरीदवाई गई। शनिवार सुबह जो भी फुटकर दुकानदार व ठेली-रेहड़ी वाले विक्रेता फल-सब्जी खरीदने नवीन मंडी में पहुंचे, उन्हें नवीन मंडी के बाहर ही एक-एक मीटर की दूरी का सोशल डिस्टेंस रखते हुए लाइन में लगाया गया। इसके बाद एक-एक कर खरीदारों को नवीन मंडी में भेजकर फल-सब्जी खरीदवाई गई। एसएसपी ने बताया कि यह व्यवस्था जल्द ही शहर में स्थित चुंगी नंबर-दो व ईदगाह सब्जी मंडी में भी कराई जाएगी।
पुलिस-प्रशासन की टीम करेगी राहत सामग्री वितरित
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के दौरान अपने घरों में बंद बेसहारा लोगों की मदद के लिए जनपद में बड़ी संख्या में लोग सामने आए हैं। ऐसे लोगों को एसएसपी अभिषेक यादव ने बिना पुलिस-प्रशासनिक टीम के खाना व राहत सामग्री वितरण नहीं करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि जो भी व्यक्ति या संगठन राहत सामग्री व खाने का वितरण करना चाहते हैं, वे हेल्पलाइन नंबर 9690112112 पर कॉल कर इसकी जानकारी दें। इसके बाद पुलिस-प्रशासनिक टीम उनसे उन्हीं के घर से सामान एकत्रित करेगी और उसे जरूरतमंदों को वितरित भी करेगी।
हर समस्या का हल, हेल्पलाइन नंबर 9690112112
मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9690112112 जारी करते हुए लॉकडाउन के दौरान घरों में रह रहे लोगों को किसी भी तरह की समस्या होने पर इस नंबर पर कॉल करने की अपील की है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि इस नंबर पर कॉल करने वाले व्यक्ति को समस्या बताने के बाद उसी के घर पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। यदि किसी तरह की शिकायत है तो उसका भी घर बैठे हुए ही संबंधित थाना पुलिस या डायल-112 पीआरवी की सहायता से तत्काल निस्तारण कराया जाएगा।