नर्सिंगहोम में महिला की मौत पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर के जानसठ रोड स्थित नर्सिंगहोम में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत पर हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टर की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए जमकर बखेड़ा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि परिजनों की तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
शहर से सटे गांव सुजड़ू निवासी राजेश देवी (55) पत्नी श्याम सिंह को परिजनों ने सोमवार सुबह सात बजे शहर के जानसठ रोड स्थित एक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। दोपहर करीब तीन बजे महिला को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया, जहां ऑपरेशन शुरू होने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। नर्सिंग होम में मौजूद परिजनों को महिला की मौत की जानकारी मिली तो उन्होंने डॉक्टर की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ नर्सिंग होम पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता कर पीड़ित परिजनों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिजनों ने संबंधित नर्सिंग होम स्टाफ व डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला की मौत किस वजह से हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी। पीएम रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय जांच के लिए भेजी जाएगी। पीएम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर जांच के बाद वहां से जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।