मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के रायपुर नगली गांव में नया ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से नाराज किसान सूखी फसल लेकर बिजली विभाग के कार्यालय में घुस गए। किसानों ने चीफ इंजीनियर का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। कुछ घंटे बाद ही ट्रांसफार्मर लगवा दिया गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सोमवार को रायपुर नगली गांव के किसान जानसठ रोड स्थित मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल के कार्यालय में पहुंचे। अपने साथ लाई गन्ने और चारे की सूखी फसल को किसानों ने बिजली विभाग के कार्यालय में डाल दिया। किसानों का कहना था कि ट्यूबवेल से चोरी किए गए 25केवीए के ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा रहा है। विभाग के अधिकारियों से बार-बार आग्रह किया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
किसान अमित, अनिल, राहुल और मनोज ने कहा कि फसलें सूख गई हैं। बेहद गर्मी के चलते किसान परेशान हैं। ऐसे में उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। किसानों ने मुख्य अभियंता को अपने बीच बैठा लिया। मुख्य अभियंता ने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत और उनके साथ आए किसानों से बात की और समस्या का तुरंत ही समाधान करने का भरोसा दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत किए जा चुके ट्रांसफार्मर को किसान हित में तुरंत चालू करें। उधर, अवर अभियंता वेद प्रकाश ने ट्यूबवेल पर ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर किसान अनिल कुमार, राहुल कुमार, मनोज कुमार मौजूद रहे।
-
इनसेट
बिजली ट्रिप से बेहाल रहे लोग
मुजफ्फरनगर। गर्मी में बिजली कट लोगों के लिए मुसीबत बनने लगे हैं। शहर के अंकित विहार, नई मंडी, सुभाषनगर और नसीरपुर रोड समेत अन्य क्षेत्रों में सोमवार को कई बार कट लगे। काफी देर तक बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
-