युवक की आत्महत्या को लेकर हंगामा
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। रामराज के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी युवक द्वारा सोमवार को आत्महत्या किए जाने के बाद मंगलवार को उसके शव को परिजनों ने लेने से इंकार कर दिया। परिजनों ने युवक की पत्नी पर उसकी हत्या का आरोप लगाया। घंटों हंगामे के बाद परिजनों ने शव को सुपुर्द ए-खाक कर दिया।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी इकरार पुत्र इस्लामूद्दीन ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो पीड़ित परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने इकरार की पत्नी पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पत्नी से नहीं बनती थी। आरोप लगाया कि पत्नी ने ही उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया है। हंगामे की सूचना पर एसओ रामराज सतेंद्र नागर भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद परिजनों को समझाबुझाकर शांत किया गया। एसओ सतेंद्र नागर का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में यह आत्महत्या ही लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा भी अभी किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।