खतौली। शुगर मिल रोड पर देशी शराब के ठेके के सामने डीसीएम ने दूध विक्रेता को रौंद डाला। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शराब के ठेके में तोड़फोड़ का प्रयास किया। गुस्साए ग्रामीणों ने शराब के ठेके पर ताला लगा दिया। इस दौरान शव उठाने को लेकर ग्रामीणों व पुलिस के बीच काफी नोकझोंक हुई। विरोध झेलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
गांव चांदसमंद निवासी 40 वर्षीय बर्फ सिंह पुत्र बलजोर दूध बेचने का काम करता है। दूधिया प्रतिदिन गांव से अपनी बाइक पर दूध लेकर खतौली में सप्लाई करता है।
बुधवार की शाम करीब सात बजे बर्फ सिंह दूध देकर बाइक द्वारा गांव वापस जा रहा था। गांव शेखपुरा में देशी शराब ठेके के सामने दूधिया ने अपनी बाइक रोकी। इसी दौरान सामने से तेजी से आ रही एक डीसीएम ने दूधिया को कुचल दिया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दूधिया का शव देखा, तो उनमें आक्रोश फैल गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर दूधिया के गांव से दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
शव को देखकर गुस्साए ग्रामीणों ने शराब के ठेके में तोड़फोड़ का प्रयास किया। ग्रामीणों का गुस्सा भांपकर शराब ठेके के सेल्समैन ठेका खुला छोड़कर भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने शराब के ठेके पर ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों की पुलिस के साथ देर तक नोकझोंक हुई। पुलिस ने ग्रामीणों को बमुश्किल समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।