बुड़ीनाकलां में घटिया पाइप डालने पर हंगामा
मुजफ्फरनगर, तितावी। गांव बुड़ीनाकलां में निर्माणाधीन पानी की टंकी की लाइन में घटिया पाइप लगाने को लेकर भाकियू ने जमकर हंगामा किया। जिलाध्यक्ष ने निर्माण में उच्च क्वालिटी का सामान लगाने और हर घर में पानी पहुंचाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र गांव बुड़ीनाकलां में जल निगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें लगने वाले पाइप व अन्य सामग्री घटिया किस्म की लगाने का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांव में हंगामा किया। सूचना पर एसडीएम सदर दीपक कुमार जल निगम के अफसरों को साथ लेकर गांव में पहुंचे और भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान से बात की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने टीम को इस्तेमाल किए जा रहे पाइप व अन्य सामग्री की भी जांच कराई। भाकियू जिलाध्यक्ष ने कहा कि जो पाइप विभाग द्वारा डाले जा रहे हैं, वे थोड़ा से प्रेशर आते ही फट जाते हैं। इससे गांव की कई गलियों की आरसीसी इंटरलॉक भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने अफसरों से उच्च गुणवत्ता का पाइप व निर्माण सामग्री लगाने की मांग करते हुए हर घर में पानी पहुंचाने अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी। इस पर एसडीएम सदर ने उक्त पाइप जांच के लिए भेजे जाने और उच्च क्वालिटी की सामग्री लगाए जाने के निर्देश जल निगम के अफसरों को दिए। इस दौरान सत्येंद्र, सुनील लाटियान, विकास लाटियान, विवेक लटियान, शिवम, बिट्टू मलिक, चौधरी सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र लाटियान और परविंदर आदि मौजूद रहे।