वैक्सीनेशन समय से पहले खत्म होने पर हंगामा
रामराज। गांव रहड़वा में कोरोना वैक्सीनेशन करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम समय से पहले ही 300 के सापेक्ष महज 170 लोगों को वैक्सीन लगाकर लौट गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा करते हुए दोबारा वैक्सीनेशन कराए जाने की मांग की है। टीम के डॉ. अब्दुल करीम का कहना है कि मंगलवार को फिर से गांव में पहुंचकर सभी ग्रामीणों को वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
गांव रहड़वा जदीद में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉ. अब्दुल करीम के नेतृत्व में ग्रामीणों को वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगाने के लिए पहुंची थी। टीम को गांव में तीन सौ लोगों को वैक्सीन लगानी थी, जिसके लिए लगाए गए शिविर का समय दोपहर दो बजे तक निर्धारित किया गया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक गांव में 170 लोगों ने वैक्सीनेशन करा लिया था, लेकिन इसके बाद टीम अचानक समय से पहले ही शिविर को बंद कर वहां से लौट गई। इसकी जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान अमरदीप ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां से टीम नदारद मिली। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा कर दिया।
ग्राम प्रधान अमरदीप का कहना है कि गांव में तीन सौ लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जानी थी, लेकिन टीम समय से आधा घंटे पहले ही महज 170 लोगों को वैक्सीन लगाकर बिना किसी को कुछ बताए गांव से लौट गई। इस मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से कर दी गई है। वहीं, टीम के डॉ. अब्दुल करीम का कहना है कि शिविर में इक्का-दुक्का लोग ही वैक्सीन लगवाने के लिए आ रहे थे, जिसके चलते निर्धारित समय तक महज 170 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। निर्धारित समय तक भी सभी लोग वैक्सीनेशन के लिए नहीं पहुंचने पर टीम लौटी है। मंगलवार को फिर से गांव में पहुंचकर सभी ग्रामीणों को वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।