चरथावल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कराए गए सामूहिक विवाह योजना में कस्बे के एक मोहल्ले में फर्जीवाड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला पुलिस तक पहुंचा, तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। बाद में दोनों पक्षों में सुलहनामा करा दिया।
कस्बे के मौहल्ला मुर्दापट्टी में कुछ दिन पूर्व हुई मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लेकर कुछ लोग छींटाकशी कर रहे थे। इसी बात पर दोनों पक्षों में गाली गलौज और कहासुनी हो गई। आरोप लगाया कि एक शादीशुदा महिला को दूसरे युवक के साथ बैठाक र निकाह दर्शाकर अनुदान राशि का चैक और सामान लिया गया है। यह बात दूसरे पक्ष को नागवार गुजरी और कहासुनी मारपीट में बदल गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां सुलहनामा होने के बाद दोनों पक्षों को छोड़ दिया गया।
जांच की उठ रही मांग
इस घटना के बाद गांव ही नहीं क्षेत्र में भी सामूहिक विवाह योजना में बड़े फर्जीवाड़े की चर्चा है। चर्चा है कि गांव में नहीं बल्कि क्षेत्र में इस तरह के कई पहले से शादीशुदा जोड़ों की दोबारा शादी कराई गई है। बता दें कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खंड परिसर में 65 व नगर पंचायत परिसर में 16 जोड़ों की शादी कराई गई थी। लोगों ने सामूहिक विवाह योजना से हुई शादियों की जांच कराने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने बताया पारिवारिक रंजिश के कारण फर्जी आरोप लगा रहे है। शादियों की रस्म की पूरी ऑपचारिकताएं कराई गई है। पात्र वर-वधू के शपथ पत्र भी लिए गए है।