खतौली। गांव अंतवाड़ा में एक 15 साल के किशोर को बंधक बनाकर उससे खेती का जबरन काम कराने वाले आरोपी किसान को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने बंधक बनाए गए किशोर को मुक्त कराकर परिजनों को सौंप दिया।
राजस्थान अजमेर के थाना वसीराबाद सदर के गांव डेराढू निवासी 15 वर्षीय सत्यनारायण बेरवा चार सितंबर को घर से नाराज होकर वहां से सहारनपुर चला गया था, वहां पर दो तीन दिन काम करने के बाद ठेकेदार ने उसे गांव अंतवाड़ा में सोनू के यहां ंभेज दिया। तभी से सोनू ने उसे बंधक बनाकर रखा। सत्यनारायण के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी सात सितंबर 2021 को दर्ज करा दी थी। सत्यनारायण ने अपने भाई को 23 दिसंबर को फोन कर सूचना दी थी कि उसे बंधक बनाकर खेतों में काम कराया जा रहा है। 24 दिसंबर को किशोर भाग कर खतौली रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। जहां सोनू और उसके भाई अंकुर ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करते हुए कमरे में बंद कर दिया। लापता किशोर सत्यनारायण के भाई कालूराम ने मामले की सूचना थाने में दी। पुलिस ने सीडीआर निकाली। वसीराबाद सदर के एसआई पुलिस टीम के साथ कालूराम को लेकर खतौली थाने पहुंचे। खतौली पुलिस के साथ गांव अंतवाड़ा गए वहां पर सोनू को हिरासत में लेकर सत्यनारायण को बंधन मुक्त कराया।