नाले का निर्माण शुरू होते ही हंगामा
मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी में काफी समय से नाले निर्माण को लेकर चले आ रहे विवाद को समाप्त करते हुए प्रशासन ने नाले का निर्माण शुरू करा दिया है। जिसको को लेकर मोहल्ले के लोगों ने हंगामा कर दिया। विरोध करने पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, सीओ सिटी कुलदीप सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता भीम चाहर, नगर कोतवाल योगेश शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाले का निर्माण शुरू कराया। प्रशासन के नाला निर्माण का विरोध कर रहे मनीष चौधरी और उनके कुछ साथियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और शहर कोतवाली ले आए। इसी बीच अनेक हिंदू संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी।
इसकी सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला भी शहर कोतवाली पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट से वार्ता कर कहा कि यह नाला निर्माण कार्य रोका जाए और जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनको तुरंत छोड़ा जाए। घंटों की गहमागहमी के बाद सभी को निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया।