मुजफ्फरनगर के खालापार में टाइम बम मिले।
- फोटो : अमर उजाला
एसटीएफ की मेरठ यूनिट द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी जावेद के पास से चार टाइम बोतल बम (आईईडी) बरामद हुए हैं। एसटीएफ की टीम आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है, इन बम का इस्तेमाल किसी सुनियोजित षड्यंत्र में किया जाना था।
जावेद ने पूछताछ में कबूल किया है कि यह बम खालापार इलाके में ही रहने वाली एक महिला ने ऑर्डर देकर बनवाए थे। टीम महिला की तलाश में जुटी है। एसटीएफ के एसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि इससे पहले भी यह टाइम बम बना चुका था। आरोपी की ननिहाल नेपाल में है, उसका वहां भी आना-जाना रहा है। इससे पहले जावेद रेडियो बनाने का भी काम करता था।
बम निरोधक दस्ता पहुंचा।
- फोटो : अमर उजाला
जावेद के दादा का पटाखे बनाने का काम था। उसने दादा से बम बनाना सीखा। इसके बाद यूट्यूब आदि के माध्यम से उसने आईईडी बम बनाना सीख लिया। आरोपी से पूछताछ में कई और जानकारियां मिल सकती हैं।
जावेद की चाची का कहना है कि वह बहुत अच्छा लड़का है लेकिन, पता नहीं वह कैसे किसी के बहकावे में आ गया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को पुलिस उनके घर आई थी। पुलिस घर से कुछ सामान अपने साथ ले गई। बताया कि जावेद 10वीं तक पढ़ा हुआ है और वह लोवर बेचने का काम करता है।
जावेद की चाची का कहना है कि वह हर किसी की मदद करता है लेकिन, पता नहीं पुलिस उसे क्यों पकड़ कर ले गई है। उनका कहना है कि जावेद पिछले 15 साल से हमारे पास ही रहता है। वह बम बनाने का काम नहीं करता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात में 10.15 के करीब जावेद से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हुआ।