मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप के
निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह व्यवहार कुशल और लोकप्रिय नेता थे।
वह सदैव मुजफ्फरनगर के विकास के लिए कार्य करते रहे। सपा को उनकी कमी हमेशा
खलती रहेगी। चितरंजन के अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा।
चितरंजन
स्वरूप के सिविल लाइंस स्थित आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने के
बाद पुलिस लाइन में हैलीपेड पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा
कि चितरंजन स्वरूप के निधन से सभी लोग दुखी हैं। दुख की इस घड़ी में
प्रदेश सरकार उनके परिवार के साथ है।
मंत्रिमंडल के वह सीनियर नेता थे। वह
ऐसे नेता थे, जो हमेशा गरीबों की चिंता करते थे। उनका आचरण और उनकी सादगी
ने उन्हें जनता में लोकप्रिय बनाया। मुजफ्फरनगर के विकास को लेकर उन्होंने
बहुत सी योजनाएं बनाई थीं। इन योजनाओं को लेकर वह उनसे अक्सर मिलते रहते
थे। इनमें अधिकतम योजनाएं नगर विकास और लोक निर्माण विभाग की हैं। दोनों ही
विभागों के मंत्री उनके साथ शोक व्यक्त करने आए हैं। विकास की उनकी
योजनाओं को पूरा कर उनके सपनों को साकार किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षा में सुधार को बनाएंगे कार्ययोजना
मुजफ्फरनगर।
हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वाले सुल्तानपुर के प्राथमिक अध्यापक
शिवकुमार पाठक को बर्खास्त करने के सवाल को सीएम अखिलेश टाल गए। उन्होंने
कहा कि पहले जिस काम के लिए आए हैं, उस पर बात करें। इसी क्रम में उन्होंने
कहा कि अफसरों और माननीयों के बच्चों को सरकारी स्कूल में शिक्षा दिलाने
के कोर्ट के आदेशों का अध्ययन किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षा के सुधार के लिए
एक कमेटी गठित की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद विशेष कार्ययोजना तैयार
की जाएगी।