UP by-election : चुनाव आयोग ने खतौली विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि आचार संहिता लागू हो गई है। खतौली को पांच जोन और 28 सेक्टरों में बांटा गया है। विधानसभा क्षेत्र में 369 बूथ हैं। 171 मतदान केंद्र हैं और 3,12,340 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे।
कलेक्ट्रेट के लोकवाणी सभाकक्ष में पत्रकारों से बातचीत में डीएम सीबी सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसी के साथ ही जिले में चुनाव आदर्श आचार संहिता लग गई है। जिले के सभी स्थानों से प्रचार सामग्री हटाई जा रही है। इसके लिए खतौली क्षेत्र व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर, बैनर, होर्डिंग हटाने का काम तेजी से चलेगा। खतौली के एसडीएम चुनाव अधिकारी रहेंगे। दो तहसीलदार एआरओ बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर खतौली विधानसभा क्षेत्र को पांच जोन में बांटा गया है। एसडीएम और एडीएम स्तर के अधिकारी जोन इंचार्ज होंगे। 26 सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाया गया है। एसएसपी विनीत जायसवाल, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम वित्त अरविंद मिश्रा, सीडीओ संदीप भागिया आदि अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: यूपी उपचुनाव: अफसरों के तेवर सख्त, उतरवाए नेताओं के होर्डिंग-पोस्टर, जिले की ये तस्वीरें बनीं गवाह