- कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से केंद्र निर्धारण आगे खिसका
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया इस बार 30 सितंबर के बाद शुरू होगी। कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के कारण केंद्र निर्धारण का कार्यक्रम भी आगे खिसक गया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट छात्रों के परीक्षा शुल्क की सूचना सहित शैक्षिक विवरणों को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 30 सितंबर कर दी गई है। इसके बाद ही परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
शासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक विद्यालय कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों का अग्रिम पंजीकरण शुल्क जमा कर उनके शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
इसके बाद एक से चार अक्तूबर तक विद्यालयों के प्रधानाचार्य ऑनलाइन अपलोड किए गए विवरण की जांच करेंगे। इसमें विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय और फोटो आदि का मिलान किया जाएगा।
डीआईओएस हरिकेश यादव ने कहा कि जांच के दौरान त्रुटि मिलने पर पांच से आठ अक्तूबर तक विद्यालयों को विवरण में संशोधन और अपडेट का अवसर मिलेगा। इसके बाद पंजीकृत विद्यार्थियों की नामावली और संबंधित कोषपत्र की प्रति 15 अक्तूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करानी होगी।
इस पूरी प्रक्रिया के बाद ही बोर्ड स्तर पर परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए विद्यार्थियों और विद्यालयों से संबंधित अंतिम आंकड़े उपलब्ध होंगे। ऐसे में अक्तूबर में परीक्षा केंद्र निर्धारण की कवायद शुरू होने की संभावना है।