समाज को तोड़ने का नहीं, एकजुट करने का प्रयास करेंगे
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि हर वोटर मेरा अपना है, मैं हर वोटर के सुख दुख में शामिल होने जाऊंगा। पंचायत में समर्थक संजीव बालियान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भावुक हो गए, बोले संजीव हमारा है, हमारी आन, बान, शान है, हमारे बीच रहेगा। सभा में डॉक्टर संजीव बालियान ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के नेता समाज को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु वह समाज को एकजुट रखने का प्रयास करेंगे।
सोरम गांव में मंगलवार को रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के आने पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के समर्थकों की ओर से आनन फानन में शाहपुर में मंसूरपुर रोड स्थित सोरम निवासी हरेंद्र-विनोद के ईट् भट्ठे पर जनसभा का आयोजन किया गया। दोपहर ढाई बजे डॉ संजीव बालियान काफिले के साथ यहां भट्ठे पर पहुंचे, तो समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्हें कंधों पर बैठा कर जनसभा तक लाए। सभा में डॉक्टर संजीव बालियान ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के नेता समाज को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु वह समाज को एकजुट रखने का प्रयास करेंगे। जनता ने उन्हें सांसद बनाया है वह जनता के सुख दु:ख में शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि मेरे पास कोई पुश्तैनी विरासत नहीं, चौधरी चरण सिंह का नाम मेरा, मेरा बाबा तो रिसाला था, रिसाले के नाम पर वोट मांगूंगा क्या। जनता ने सम्मान दिया। जनता के सुख दुख में शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने चौधरी अजित सिंह के बारे में कहा कि वो मेरे बड़े नेता और मेरे पिता के समान हैं। राजनीति अलग बात है, मगर समाज को बांटने का काम न करें। मैं समाज को बंटने नहीं दूंगा। डॉक्टर बालियान ने कहा कि कप्तान से कह दिया है कि सोरम की घटना की जांच कर ले, यदि मैं दोषी हूं तो फांसी पर चढ़ा दे, अगर वे दोषी पाए गए तो उन पर भी कार्रवाई हो। बीते सात साल से मैने राजनीति नहीं, विकास किया है। गांव-गांव जाकर समाज और लोगों को जोड़ने का काम किया है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी, अमित राणा चेयरमैन, हरीश अहलावत, नितिन मलिक, संदीप बालियान, अश्विनी चौधरी , सम्राट बालियान , सुधीर चौधरी , विक्रम सिंह , नरेश बालियान , सतवीर सिंह , अरविंद प्रधान , ओमेंद्र मुखिया , यशपाल बालियान , मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी , डॉ. कुलदीप त्यागी , अमित त्यागी , सतीश सैनी , नीरज राठी , अनुज बालियान , धर्मपाल बालियान प्रधान , रामनाथ ठाकुर , पुष्पेंद्र शर्मा , हरेंद्र शर्मा , धीरेंद्र चौधरी आदि के अलावा सोरम, गोयला, काकडा, दुल्हेडा, कुटबा-कुटबी आदि गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।