बेरोजगार महिलाओं ने मांगा रोजगार
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला समाख्या कार्यक्रम से जुड़ी महिलाओं ने बेरोजगार किए जाने पर रोष प्रकट करते हुए प्रदर्शन किया। बेरोजगार महिलाओं ने सरकार से रोजगार दिलाने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
नौकरी छीने जाने से दुखी महिला समाख्या कार्यकर्ताओं ने सरकार से जीवनयापन का अधिकार बहाल करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान एक ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार को सौंपा गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं नेे बताया कि आज महिला दिवस पर सरकार को महिला हितों पर जगाने के लिए वह एकत्र हुई हैं। महिला समाख्या कार्यक्रम के तहत कार्यरत 800 महिलाओं की सेवा बहाली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन दिया गया। उन्होंने कहा कि महिला समाख्या कार्यक्रम विगत 31 वर्षों से यूपी के 19 जिलों में लगभग 20 लाख महिलाओं एवं किशोरियों के बीच संचालित रहा है। महिला समाख्या कार्यक्रम को अन्य सशक्तीकरण कार्यक्रम में समाहित कर दिया गया है, परंतु 25 जून 2020 से महिला समाख्या कार्यक्रम से जुड़ी समस्त 800 महिलाओं के भविष्य के बारे में कोई निर्णय न होने की स्थिति में इन परिवारों से जुड़े सदस्यों का जीवन यापन करना कठिन हो रहा है। हमें रोजगार नहीं दे सकते तो सरकार इन 800 कर्मचारियों के परिवार को इच्छा मृत्यु देने का निर्देश जारी कर दे। मांग नहीं मानी जाती है तो अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ सकते हैं। प्रदर्शन में मुख्य रूप से पपीन्दर कौर, बबली रानी, वर्षा रानी सहित अन्य समाख्या कार्यकर्ता शामिल रहीं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांध प्रदर्शन किया
मुजफ्फरनगर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने महिला दिवस के अवसर पर अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय के समक्ष हाथों पर काली पट्टी बांधकर धरना दिया।आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष कृष्णा प्रजापति के नेतृत्व में आंगनबाड़ी ने अपनी लंबित मांगों को लेकर डीएम कार्यालय के समक्ष साप्ताहिक आंदोलन के तहत धरना प्रदर्शन शुरू किया। कृष्णा प्रजापति ने इस दौरान वेतन वृद्धि, मोबाइल फोन दिए जाने और अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर सात दिनों तक यह धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रतिभा त्यागी, संगीता राजपूत, रूकमणी, फुलमेश शर्मा, सुधा त्यागी, नीरज त्यागी, रितु चौधरी सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
न्यूनतम वेतन दिलाने की मांग
मुजफ्फरनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के दूसरे गुट ने महिला दिवस पर आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनरतले डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम एडीएम वित्त आलोक कुमार को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में महिलाओं की नाइट ड्यूटी मजबूरी में ही लगाने और सुरक्षा देने की मांग रखी गई। घरेलू हिंसा रोकने के लिए ब्लाक स्तर पर सहायता समिति का गठन करने की मांग की गई। आंगनबाड़ी महिला और सहायिकाओं को न्यूनतम वेतन दिया जाए। इसके अलावा अन्य कई मांगे रखी गई। ज्ञापन देने वालों में अलका चौधरी, बीता रानी, दीपा वर्मा, पिंकी चौधरी, संगीता, मंगला, नीलम, उषा त्यागी अदि शामिल रही।