बिजनौर बैराज पर छात्र उज्ज्वल राणा की अस्थियां विसर्जित करते हुए : वीडियोग्रेब
- फोटो : samvad
बुढ़ाना। छात्र उज्ज्वल राणा की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले में पुलिस की रफ्तार बेहद धीमी है। गिरफ्तारी के लिए दिए गए 48 घंटे में सिर्फ एक गिरफ्तारी हुई है। छात्रों की नजर पूरे मामले पर है। समय पर पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की तो कस्बे में दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू होने की आशंका है। बिजनौर के बैराज पर छात्र की अस्थियां विसर्जित कर दी गई।
डीएवी डिग्री काॅलेज के छात्र उज्ज्वल के आत्मदाह के मामले में प्राचार्य और प्रबंधक पुलिस पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव भंभोरी निवासी पीटीआई संजीव कुमार को खतौली तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बुढ़ाना में डीएवी डिग्री कॉलेज के सामने छात्र का शव रखकर हुई पंचायत में 48 घंटे की मोहलत मांगी थी। सिर्फ एक आरोपी पकड़े जाने पर छात्रों और जनप्रतिनिधियों के बीच नाराजगी पनप रही है। उज्ज्वल राणा की दिल्ली के चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। बुधवार को परिजन व ग्रामीण उसकी अस्थियों को बिजनौर के बैराज घाट पर ले गए। विधि विधान के साथ अस्थियां विसर्जित की गई। छात्र के साथी भी मौजूद रहे। े