सड़क दुर्घटना में शामली के दो युवकों की मौत
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर धौलरा बस स्टैंड पर बुधवार शाम भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की ईद की खुशियों पर ग्रहण लग गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जनपद शामली के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शामली नगर के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी उमर खां (19) बुधवार शाम शामली के ही आजाद चौक निवासी दोस्त तालिब (20) के साथ बाइक से ईद मिलने रिश्तेदारी में मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। पानीपत-खटीमा राजमार्ग स्थित धौलरा बस स्टैंड पर बाइक सवार दोनों वहां पहले से खड़े आजाद चौक निवासी आमिर को देखकर उसके पास रुक गए। तीनों बात ही कर रहे थे कि शामली की ओर से आते तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में लेकर कुचल दिया। इनमें उमर और तालिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आमिर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को सीएचसी तितावी ले गई, जहां उमर व तालिब को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, आमिर को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवकों के परिजनों को हादसे की जानकारी देने के बाद दोनों शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए हैं। उधर, आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। छोड़े गए ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।