किशोरी के अपहरण को लेकर दो पक्षों में मारपीट
मुजफ्फरनगर। किशोरी को अगवा करने का मामला तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर चल रही टशनबाजी में टीका-टिप्पणी को लेकर किशोरी के परिजनों ने कुछ लोगों से मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष तहरीर देने थाने पहुंचा, तो वहां भी थाने से निकलते ही दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से दस लोगों को हिरासत में लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी किशोरी सात फरवरी को मोहल्ले में ही अपने मामा के यहां रहने वाले युवक के साथ प्रेम-प्रसंग के चलते घर छोड़कर चली गई थी। किशोरी पक्ष ने आरोपी के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, जिसका अभी तक सुराग नहीं लगा है, तभी से दोनों पक्षों के बीच टशनबाजी चल रही थी। मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में टीका-टिप्पणी को लेकर कहासुनी हुई, तो किशोरी के परिजनों ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष किशोरी के परिजनों के खिलाफ तहरीर लेकर थाने जा पहुंचा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशोरी के पिता समेत चार के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली। तहरीर देने के बाद जब पीड़ित पक्ष लौटने लगा, तो थाने के बाहर ही मौजूद किशोरी के परिजनों ने एक बार फिर उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। यह देख थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।