भौरा कलां (मुजफ्फरनगर)। झूठी आन की खातिर कस्बा सिसौली निवासी कोमल को परिजनों ने मौत के घाट उतार दिया था। हत्याकांड में शामिल मृतका की मां व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था। शुक्रवार को थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली निवासी कोमल जनवरी माह में अचानक घर से गायब हो गई थी। युवती के चाचा ब्रह्मपाल ने थाना भोराकलां में कोमल को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना तितावी क्षेत्र के गांव सावटू निवासी शगुन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 19 फरवरी को कोमल खुद ही घर वापस आ गई, तो उसी रात्रि में परिजनों ने आपस में षड्यंत्र रच कर झूठी आन की खातिर कोमल की गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को जलाकर खेत में गड्ढा खोदकर अस्थियों को दबा दिया था ।थाना प्रभारी नवीन भाटी ने जांच पड़ताल की, तो कोमल की हत्या का मामला सामने आया। उसकी मां गीता से पूछताछ की गई तो हत्याकांड की परतें खुलती चली गई । पुलिस ने खेत से अवशेष बरामद कर युवती की मां गीता व राजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी रवि पुत्र भोपाल व कुलदीप पुत्र हरपाल को सिसौली से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शगुन ने भी कांधला में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी।