बुढ़ाना। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का एक सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गया। कांबिंग के दौरान पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किया।
बृहस्पतिवार देर रात चैकिंग के दौरान पुलिस ने गढी सखावतपुर गांव के चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस पर फायर करते हुए उन्होंने कांधला रोड पर जौला गांव की ओर भागने का प्रयास किया। हड़बड़ाहट में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में ले लिया । कांबिंग के दौरान पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घायल बदमाश विकास उर्फ चवन्नी मेरठ जनपद के कंकरखेडा थाना क्षेत्र के गांव नंगला ताशी का रहने वाला है। दूसरा बदमाश अर्जुन भी इसी गांव का रहने वाला है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक बाइक, दो तमंचे व कारतूस बरामद किए। सीओ ने बताया कि दोनों बदमाश ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के सदस्य है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया।