मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड पर बोलेरो और ट्रैक्टर ट्राली के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मरने वाले राजस्थान के निवासी थे, जो यहां एक पेपर मिल में नौकरी करते थे।
वो शिफ्ट पूरी होने पर कर्मचारियों को फैक्ट्री से शहर छोड़ने आ रहे थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया, जिसके खिलाफ नई मंडी कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
भोपा रोड पर गांव मखियाली के पास यह भीषण सड़क हादसा शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हुआ। भोपा रोड पर स्थित गर्ग पेपर मिल में शिफ्ट पूरी होने पर कर्मचारी बोलेरो से फैक्ट्री से शहर आ रहे थे। बोलेरो मखियाली गांव के मंदिर के पास पहुंची। इस बीच सामने आ रही ट्रैक्टर ट्राली से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखचे उड़ गए।
हादसे में बोलेरो चालक दयानंद (45)पुत्र रामचंद निवासी गांव भाजरी पथेडी जिला झुंझनूं राजस्थान और फूल सिंह (55) पुत्र ओमकार निवासी गांव सिलोह थाना खेतड़ी जिला झुंझनूं राजस्थान की मौके पर मौत हो गई। राकेश निवासी दाल मंडी, विनोद निवासी वहलना और नवीन निवासी लक्ष्मण विहार गंभीर घायल हो गए।
घायलों की चीखपुकार सुनकर ग्रामीण जाग गए। मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह बोलेरो से बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर डायल 100 और नई मंडी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया। मृतक फूल सिंह के भतीजे महेंद्र ने नई मंडी कोतवाली पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।