बुढ़ाना। करौदा महाजन गांव में मकान की ममटी टूटकर पड़ोसी के घर पर गिर गई। धमाके की आवाज पूरे गांव में सुनाई दी। हादसे दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की जांच की मांग की है।
ग्रामीण धर्मदास (70) अपनी पत्नी बेग्गो (68) के साथ अपने मकान के निचले हिस्से में रहते हैं। उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। अचानक उनके मकान की ममटी टूट गई। ममटी का मलबा पड़ोसी रामशरण शर्मा के मकान पर गिरा, जिससे उनकी कच्ची छत टूट गई। मलबे की चपेट में आने से रामशरण शर्मा के बेटे सुमित शर्मा की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के समय रामशरण शर्मा अपने परिवार सुनीता शर्मा, सुमित शर्मा और प्रीति शर्मा के साथ आंगन में बैठे थे और बाल-बाल बच गए। तेज आवाज सुनकर धर्मदास और रामशरण शर्मा के परिजन और पड़ोसी घर से बाहर निकल आए।
पड़ोसी सुधीर मलिक की कार के शीशे भी इस घटना में टूट गए। फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पड़ोसी अमित, अनीस, सुधीर, रामपाल और बिट्टू शर्मा ने विस्फोटक पदार्थ से घटना होने की आशंका जताई और विस्तृत जांच की मांग की है।