सड़क हादसों में दो की मौत
मुजफ्फरनगर। जनपद में बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव संधावली निवासी बालेश्वर (32) बृहस्पतिवार सुबह बाइक से गांव कूकड़ा किसी काम से जा रहा था। हाईवे पर संधावली कट के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालेश्वर को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। उधर, मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर धौलापुल के पास करीब 50 वर्षीय व्यक्ति को सड़क पार करते हुए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अधेड़ को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अधेड़ की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, गांव जड़ौदा निवासी सोनू व दीपक भी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।