हाईवे पर हुए हादसों में महिला समेत दो की मौत
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-दून हाईवे पर छपार क्षेत्र में बीते 24 घंटे में हुए हादसों में महिला अंजू समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए हैं।
उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में मंगलौर थाना क्षेत्र के गांव आमखेड़ी निवासी दीपक सोमवार को पत्नी अंजू (25) व डेढ़ वर्षीय बेटे अभी के साथ बाइक पर मुजफ्फरनगर जा रहा था। शाम करीब पांच बजे जैसे ही दंपती की बाइक छपार टोल प्लाजा के निकट पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती व उनका बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को ले जाकर जिला अस्पताल भेजा, जहां अंजू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मासूम बच्चे को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। उधर, छपार क्षेत्र में ही हाईवे पर रविवार देर रात गांव रामपुर के निकट स्थित एक होटल पर डीसीएम चालक अपने दो साथियों के साथ पहुंचा था। होटल संचालक के अनुसार, डीसीएम चालक व उसके साथी नशे में धुत थे। खाना खाने के बाद चालक डीसीएम को बैक करने लगा। इसी दौरान चालक का ही साथी डीसीएम की चपेट में आकर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। मृत युवक की पहचान हापुड़ जनपद के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव भटियाना निवासी पिंटू के रूप में हुई। हादसे के बाद आरोपी चालक व उसका साथी फरार हो गए, जबकि डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।