जिला चिकित्सालय में टीका लगवाते राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कोरोना से बचाव के लिए मंत्री ने लगवाया टीका
मुजफ्फरनगर। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिला चिकित्सालय में कोरोना टीकाकरण का स्थलीय निरीक्षण किया और स्वयं भी वैक्सीन की पहली डोज ली।
सदर विधायक व कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिला चिकित्सालय में कोरोना वैक्सीनेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों को मंत्री के द्वारा देखा गया। उन्होंने निरीक्षण के समय आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित चिकित्सालय अधिकारियों को दिए गए। मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कोविड-19 से बचाव के लिए टीका लगवाया। मंत्री ने कहा कि भारत में बनी कोविड वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इसे हर किसी को आगे बढ़कर लगवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कोविड नियंत्रण के लिए बनी कार्ययोजना पर विभागों के द्वारा कार्य किया जा रहा है, जिसका परिणाम है कि अन्य प्रदेशों की तुलना में उत्तर प्रदेश में कोराना संक्रमण नियंत्रण में चल रहा है।
खतौली में एसडीएम, सीओ ने लगवाया टीका
खतौली। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली में रविवार को छोड़कर बाकी पूरे सप्ताह टीकाकरण किया जाएगा। सोमवार को दूसरा टीका लगवाने के लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सोमवार को एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, सीओ आशीष प्रताप सिंह, मंसूरपुर शुगर मिल के मैनेजर रविंद्र कुमार शर्मा, पूर्व मैनेजर ओएन तिवारी, गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह ने कोरोना वायरस का टीका लगवाया। इसके अलावा कस्बे के वृद्ध लोगों ने भी टीकाकरण कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को छोड़कर प्रतिदिन कोरोना का टीका लगाया जाएगा। गालिबपुर सीएचसी पर भी टीकाकरण होगा।