भिडंत के बाद पुलिस ने मकबरा चौक पर रोकी रोडवेज बस
- फोटो : DEVBAND
दो बसें आपस में टकराई, बड़ा हादसा होने से टला
देवबंद (सहारनपुर)। सवारियां बैठाने की होड़ के चलते रोडवेज और प्राइवेट बस आपस में टकरा गई। दोनों बसों में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों बसों को रोक लिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ।
शनिवार को मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस मुजफ्फरनगर से यात्रियों को लेकर सहारनपुर जा रही थी। उसी के पीछे प्राइवेट बस भी आ रही थी। सवारियां बैठाने की होड़ के चलते दोनों बसों के चालक वाहन तेज गति से दौड़ा रहे थे। इस दौरान जड़ौदा जट्ट गांव के समीप रोडवेज बस के चालक ने ब्रेक लगाए तो प्राइवेट बस उससे टकरा गई। इस पर दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इसको लेकर दोनों चालकों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बसों को रोक लिया। रोडवेज बस चालक अरविंद कुमार ने बताया कि उसकी बस में प्राइवेट बस चालक ने पीछे से टक्कर मारी है। जबकि प्राइवेट बस के चालक बिजनौर निवासी गजराज सिंह का कहना है कि अचानक ब्रेक लगाने के चलते बसों की भिडंत हुई है। पुलिस दोनों चालकों से वार्ता कर रही है। पुलिस का कहना है कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।