संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। फलावदा मार्ग पर मोहल्ला आर्यपुरी में आठ दिन पूर्व रात के समय फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दाे तमंचे बरामद किए हैं।
मोहल्ला आर्यपुरी में 17 मार्च की रात करीब 11 बजे रणधीर नागर के मकान के बाहर बाइक सवार नकाबपोश तीन युवक आए, जिसमें दो युवकों ने उनके घर के गेट में लात मारते हुए फायरिंग की थी। फायरिंग करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी वीडियो वायरल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर गांव पिपलहेड़ा निवासी हर्ष उर्फ बादल, अंकित को सफेदा रोड ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से तमंचे और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि जमीन को लेकर रणधीर नागर से रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते उन्होंने फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।