मुजफ्फरनगर। ककरौली पुलिस ने कार चालक से लूट करने वाले दो आरोपियोंं को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी ने लूट का सामान व नगदी बरामद कराने के दौरान पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने लूटे साढ़े तीन हजार रुपये व अन्य सामान तथा एक तमंचा बरामद किया है।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि चौरावाला निवासी अमरजीत कार चलाता है। वह मंगलवार शाम किसी बीमार व्यक्ति को खरपौड़ छोड़कर कार लेकर घर जा रहा था। रास्ते में खरपौड़ के जंगल में ई-रिक्शा लेकर खड़े मिले दो बदमाशों ने उससे साढ़े पांच हजार रुपये व पर्स लूट लिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों बदमाशों थाना ककरौली के गांव भुवापुर निवासी मोहित व चंदन को गिरफ्तार कर लिया। लूटा सामान बरामद कराने के दौरान मोहित ने सामान में छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने पीड़ित से लूटे गए साढ़े तीन हजार रुपये, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व पुलिस पर फायर करने में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया। घायल बदमाश ई-रिक्शा चलाता है जबकि उसका साथी मजदूरी करता है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया। आरोपी मोहित के खिलाफ ककरौली थाने में तीन व गाजियाबाद में एक मुकदमा दर्ज है। प्रेसवार्ता में सीओ भोपा देवव्रत बाजपेई व एसओ ककरौली जोगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।