संवाद न्यूज एजेंसी
छपार। पानीपत-खटीमा हाईवे पर थार गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये का इनामी हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी उज्जवल शर्मा को घेराबंदी कर पकड़ा गया। जांच अधिकारी मोहित सहरावत ने बताया कि आरोपी देहरादून में 2025 में हुई फायरिंग में भी शामिल रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि वह गोल्डी बरार को फॉलो करते हैं। हाईवे पर भी दबदबे के लिए ही फायरिंग की गई थी।
सोमवार रात रामपुर पुलिस चौकी के पास पुलिस वाहन चेकिंग चल रही थी। मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी हाईवे से रई गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर मुड़ गए। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। गाड़ी से उतरते ही दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हर्ष त्यागी के पैर में गोली लगी। उज्जवल शर्मा को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। इसके अलावा एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस और एक खोखा भी मिला। बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई है।
आरोपियों ने 25 अक्तूबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के तिगरी गांव निवासी सद्दाम की थार गाड़ी पर फायरिंग हुई थी। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। एसओजी को भी इस अभियान में लगाया गया था। दोनों बदमाश कुख्यात अपराधी हैं। हर्ष त्यागी पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने घायल हर्ष त्यागी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया और दोनों को मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया।