मुजफ्फरनगर। वहलना-पीनना बाईपास पर शुक्रवार तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक गाड़ी से करीब एक क्विंटल मांस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार हो गया। आरोपियों ने काली नदी के किनारे गोकशी की जानकारी दी, घटनास्थल से पशु अवशेष बरामद किए गए।
शहर कोतवाली के वहलना चौकी प्रभारी एसआई रविशंकर पांडेय शुक्रवार तड़के वहलना-पीनना बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुजड़ू मार्ग से आती कार को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर कार सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक फरार हो गया। आरोपियों में फैयाज पुत्र मीर अहमद व शमीम पुत्र बुंदू निवासीगण मोहल्ला दीन मोहम्मद गांव सुजड़ू शामिल हैं। इनके पास से तमंचा-कारतूस व छुरी बरामद की गई।
एसआई ने बताया कि कार की तलाशी लिए जाने पर उसमें से 95 किग्रा मांस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने काली नदी किनारे गोकशी करने की जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने घटनास्थल से पशु अवशेष, बाट-तराजू व गोकशी के उपकरण बरामद किए गए। एसआई के अनुसार, पशु चिकित्सक डा. संजय अग्रवाल को मौके पर बुलाकर मांस की जांच कराई गई जो गोवंशीय होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बरामद गोमांस को जमीन में दबा दिया गया। रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।