बिजनौर के मोहम्मद जाहिद के बैग से चोरी किए थे चार लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने महावीर चौक पर रोडवेज बस में एक यात्री के बैग से चार लाख चोरी करने के मामले का खुलासा किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 39 हजार रुपये और दस किलो से ज्यादा डोडा चूर्ण बरामद किया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस ने महावीर चौक के पास पुल के नीचे से मोहम्मद शहजाद उर्फ बबलू निवासी मूल गांव बौन्दरा, थाना किठौर और मुकीद आलम निवासी इस्तफाक नगर, थाना लिसाड़ी गेट मेरठ को गिरफ्तार किया। उनके पास से 39 हजार रुपये और 10 किलो 900 ग्राम डोडा चूर्ण बरामद हुआ हैं।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि15 अप्रैल को बिजनौर से रोडवेज बस में आ रहे एक व्यक्ति का बैग काटकर उसमें रखे चार लाख रुपये चोरी किए थे। उनसे बरामद 39 हजार रुपये उसी रकम से बचे हुए हैं। अपने चार साथियों की मदद से योजना बनाकर यह रुपये चोरी किए थे। जो डोडा चूर्ण उनसे बरामद हुआ हैं, उसे उनके गिरोह के सदस्य घूम घूम कर ट्रक चालकों को बेचते हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चार लाख चोरी होने का मुकदमा मोहम्मद जाहिद निवासी गांव हरसुवाडा, नजीबाबाद बिजनौर ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराया था। आरोपियों का चालान कर दिया गया। गिरोह के अन्य चार सदस्यों की भी तलाश की जा रही हैं।