त्रिवेणी चीनी मिल में नवीन पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ
देवबंद। त्रिवेणी चीनी मिल की चिमनियों ने भी धुआं उगलना शुरू कर दिया है। सोमवार को पेराई सत्र का विधिवत हवन पूजन कर दिया गया। उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र समेत अन्य अधिकारियों और अतिथियों ने चीनी मिल के केन में गन्ना डालकर नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ कराया।
चीनी मिल में पेराई सत्र आरंभ होते ही पिछले तीन दिनों से चले आ रहे श्री अखंड पाठ साहिब, कुरान शरीफ और श्री रामायण के पाठों का भी विधिवत समापन हो गया। सोमवार को चीनी मिल परिसर में पंडित सच्चिदानंद भट्ट और शांतनु महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण द्वारा हवन पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराया। इसके बाद चीनी मिल के उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र, डीजीएम (प्रशासन) जयपाल सिंह राणा, जीएम केन अनिल त्यागी आदि अधिकारियों और अतिथियों ने केन में संयुक्त रूप से गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ कराया। मिल में सर्वप्रथम गन्ना बोगी लेकर पहुंचे गुनारसा गांव के किसान नवीन चौधरी को मिल उपाध्यक्ष ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने कृषकों से जड़-पत्ती और अगोला रहित गन्ना आपूर्ति करने का आह्वान किया। इस मौके पर जीएम (वित्त) दिनेश गर्ग, आरके मित्तल, डीएसवीएस रेड्डी, राजीव त्यागी, चंदन सिंह, डा. बी.एस. तोमर, विपिन त्यागी, भोपाल सिंह, अनवर सिंह आदि मौजूद रहे।