संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। गांव सोरम में शहीदी दिवस पर यज्ञ किया गया, जिसमें विभिन्न खाप चौधरियों, राजनीतिक दलों के नेताओं व सामाजिक संगठन के लोगों ने आहुति दी। साथ ही शहीदों को नमन किया। शहीद भगत सिंह सेवा समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक चौपाल पर शहीदों के सम्मान में आयोजित यज्ञ में यजमान सत्यम कुमार रहे, जबकि यज्ञ के ब्रह्मा बरनावा गुरुकुल के अरविंद आचार्य रहे।
बालियान खाप के मुखिया व भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि शहीदी दिवस पर शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित होने से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। गांव की ऐतिहासिक चौपाल पर शहीद क्रांतिकारियों के फोटो लगाए जाने चाहिए, जिससे युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा होगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सर्वखाप पंचायत का आयोजन किया जाएगा।
सर्वखाप पंचायत में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि कोई भी आपस में विवाद न करें। यदि विवाद हो भी जाए तो उसे आपस में ही सुलझा लें। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को नए शेड्यूल के अंतर्गत 7 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। गर्मी में किसानों को खेत की सिंचाई की अत्यधिक आवश्यकता होती है, इसलिए विद्युत की ज्यादा आपूर्ति कराई जाए।
सपा सांसद हरेंद्र मलिक और देशवाल खाप के चौधरी शरणवीर सिंह देशवाल ने कहा कि गांव के युवाओं द्वारा शहीदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय है। इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने से युवाओं, बच्चों को अपने क्रांतिकारियों के बारे में जानकारी मिलेगी। सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने कहा कि आजादी की लड़ाई में ऐतिहासिक चौपाल से अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
रालोद विधायक राजपाल सिंह बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने विचार रखे। इस मौके पर यूपी पुलिस भर्ती में चयनित 21 युवक-युवतियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में गायक अरशद गुड्डू व उनकी टीम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत सुनाए। प्रमोद कुमार, विपिन बालियान, राजीव कुमार, डॉ़ प्रदीप बालियान, देशवीर, रविंद्र कुमार, जसपाल सिंह, बुड़ियान खाप के चौधरी सचिन, विवेक बालियान, जनपद जाट महासभा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान, नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी, भाजपा नेता श्यामपाल सिंघल मौजूद रहे। संचालन विपिन बालियान ने किया।