मुजफ्फरनगर के पुलिस लाइन में स्मृति दिवस पर अमर जवान ज्योति पर पुष्प अर्पित करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। पुलिस स्मृति दिवस पर बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए चार पुलिसकर्मियों को पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे पुलिस स्मृति दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, एएसपी कृष्ण बिश्नोई, सीओ मंडी हिमांशु गौरव और सीओ सिटी कुलदीप सिंह के साथ ही जनपद के सभी थाना प्रभारी कार्यक्रम में शामिल हुए। आरआई मोहम्मद नदीम ने बताया कि इस वर्ष सूबे में चार पुलिसकर्मी अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए हैं। इनमें आगरा जनपद से एसआई प्रशांत यादव और कांस्टेबल सोनू कुमार, जनपद मैनपुरी से हरजिंदर सिंह और कानपुर जनपद से देवेंद्र सिंह शामिल हैं। इन सभी शहीद पुलिसकर्मियों की याद में शोक पुस्तिका पढ़ी गई। इसके बाद शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। बाद में प्रतीक स्वरूप पुलिसकर्मियों द्वारा परेड निकालकर सलामी भी दी गई। वहीं, एसएसपी अभिषेक यादव ने भी शहीद चारों पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।