खतौली। मीरापुर रोड पर बने गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। जिनसे बचने के प्रयास में बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे है। इस मार्ग कई विद्यालय हैं। जिसमें सैकड़ों बच्चे अध्ययनरत हैं। जिनका आवागमन इसी मार्ग से होता है। इस मार्ग से मीरापुर, जानसठ, घटायन, बहसूमा, मवाना, हस्तिनापुर जाने वाले वाहनों का आना जाना है। इस मार्ग पर गहरे गड्ढों के साथ-साथ अवैध रूप से अतिक्रमण है।
कस्बा खतौली से मीरापुर जाने वाले मार्ग पर दर्जनों गांव स्थित है। शुगर मिल के गन्ने से भरे ट्रक भी इसी मार्ग से सेंटरों से गन्ना लेकर आते है। बरसात में भारी वाहनों के कारण सड़क खराब हो गई। जिसके बाद धीरे-धीरे गहरे गड्ढे होते चले गए। वर्तमान में यह गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। इस मार्ग पर आईटीआई सहित अन्य स्कूल भी है। इन स्कूलों में प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे आते जाते है। तेज रफ्तार वाहन के चालक गड्ढों को बचाने के प्रयास में आसपास चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी में डाल देते है, जिस कारण हादसे होते है। गड्ढों में बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे है। बच्चों के अभिभावक नितिन गुप्ता, मोहम्मद शारिक अली, भोपाल सिंह, कौसर अली आदि का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे सही होने चाहिए। इस मार्ग पर बच्चों को लाने व ले जाते समय सड़क दुर्घटना का भय बना रहता है। वही सड़क पर दुकानदारों ने अवैध रूप से सामान डालकर अतिक्रमण किया हुआ है, जो हर समय हादसे को दावत देता रहता है।