-विभागीय अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश, बोले यात्रियों को दी जाए बेहतर सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम के सेवा प्रबंधक अक्षय कुमार ने वर्कशॉप का निरीक्षण कर बसों की हालत को देखा। साथ ही होली पर्व पर यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
सहारनपुर से सेवा प्रबंधक दोपहर में परिवहन निगम कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने एआरएम प्रभात सिन्हा, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी पूनम देवी के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आठ से 18 मार्च तक शुरू की गई प्रोत्साहन योजना का चालकों व परिचालकों से लाभ उठाने की अपील की। होली पर्व पर यात्रियों को आने जाने में कोई भी परेशानी नही होनी चाहिए। जिन बसों के फेरे बढ़ाए हैं, उन बसों के चालकों व परिचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया जाए।
उन्होंने वर्कशॉप का निरीक्षण किया। साथ ही वहां खड़ी बसों की हालत को देखा और 24 घंटे डीजल की व्यवस्था रखने के आदेश दिए। सभी बस कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनने के लिए भी कहा। सेवा प्रबंधक ने बस संचालन प्रभारी निशांत राठी व केंद्र प्रभारी रामेंद्र सिंह को व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। वर्कशॉप निरीक्षण के दौरान एआरएम भी मौजूद रहे।