खतौली के तिलकराम इंटर कालेज के सामने शनिवार रात रेलवे ट्रैक क्रेक हो गया। जिस पर से एक्सप्रेस सहित करीब डेढ़ दर्जन ट्रेेनें पूरी रात गुजरती रहीं। सुबह कालेज के सफाईकर्मी ने ट्रैक टूटा देखा तो उसने लाल कपड़ा दिखाकर एक पैसेंजर ट्रेन को रुकवाया। जिसके बाद रेलवे विभाग को सूचना दी गई।
पिछले वर्ष कानपुर में हुए रेल हादसे से भले ही रेलवे विभाग सतर्क हुआ हो, लेकिन रेलवे ट्रैक के क्रेक होने से लेकर नट-बोल्ट लूज होने जैसे गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। खतौली रेेलवे स्टेशन से मात्र पौन किलोमीटर की दूरी पर तिलकराम इंटर कालेज के सामने शनिवार रात को रेलवे ट्रैक क्रेक हो गया। रात में रेलवे विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
रात में शालीमार, इंटरसिटी, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेनों सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें इस टूटे हुए ट्रैक से गुजरती रहीं। रेलवे विभाग की इसी लापरवाही से रात के समय बड़ा हादसा भी हो सकता था। रविवार सुबह करीब छह बजे कालेज का सफाईकर्मी राधेश्याम वहां से गुजरा तो उसने ट्रैक टूटा हुआ देखा।
उसने देखा कि मुजफ्फरनगर की ओर से पैसेंजर ट्रेन आ रही है। सफाईकर्मी हाथ में लाल कपड़ा लेकर ट्रेन की ओर तेजी से दौड़ पड़ा। हाथ में लाल कपड़ा देखकर खतरा भांपकर ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी। इसके बाद ड्राइवर ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। स्टेशन अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्टेशन मास्टर ने कॉसन देकर सभी ट्रेनें को धीमी गति से निकलवाया।
पूर्वाह्न 11.00 बजे के करीब कर्मचारियों ने टूटे ट्रैक को नट व बोल्ट लगाकर ठीक किया। इस दौरान सहारनपुर से चलकर दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को मंसरपुर स्टेशन पर 1 घंटा 10 मिनट रोकना पड़ा। खतौली स्टेशन पर मेरठ से चलकर अंबाला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 1 घंटा 20 मिनट तक खतौली में खड़ी रही। इसके अलावा धीमी गति से ट्रेनों को गुजारने पर रविवार को सभी ट्रेनें प्रभावित होती चली गईं।
सोमवार तक रेलवे ट्रैक हो सकेगा ठीक
स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक के क्रेक होने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने नट और बोल्ट लगाकर ट्रैक को मजबूत कर दिया है। ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा जा रहा है। अब इस ट्रैक से ट्रेनों के गुजरने का कोई खतरा नहीं है। सोमवार तक रेलवे ट्रैक ठीक हो सकेगा। फिलहाल 20 किमी घंटे की रफ्तार से ही ट्रेनों को निकलवाया जा रहा है। रेलवे ट्रैक पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।