तीर्थनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने आराध्य शिवशंकर को अर्पित करने के लिए गंतव्य स्थान की ओर जाने वाले शिवभक्त कांवड़ियों का सैलाब शहर में आते ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमराने लगी है।
कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने के चलते कांवड़ यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए जिला अस्पताल तिराहा व मीनाक्षी चौक को छोड़कर पूरे शहर की गलियां व चौराहे लोहे के पाइप लगाकर पूरी तरह से ब्लॉक कर दिए गए हैं। इससे पूरा शहर दो हिस्सों में बंट गया है, जिसका सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है।
पवित्र गंगाजल लेकर शिवभोले को अर्पित करने के उद्देश्य से पदयात्रा करते शिवभक्त कांवड़ियों की तादाद में मंगलवार रात से इजाफा होने लगा है। शहर में कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही पूरा कांवड़ यात्रा मार्ग जहां भगवा रंग में रंगा नजर आने लगा है, वहीं चहुंओर बम-बम-भोले के जयघोष गूंजने लगे हैं।
शिवभोले की भक्ति में गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर जाने वाले कांवड़िय़ों की संख्या में इजाफा होते ही अब तक व्यवस्था बनाने में नाकाम रहा पुलिस-प्रशासन दोगुनी तेजी के साथ व्यवस्था बनाने के काम में जुट गया है।
इसके तहत कांवड़ यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने की खातिर जिला अस्पताल तिराहा व मीनाक्षी चौक को छोड़कर शहर के सभी चौराहे व गलियों को लोहे के पाइप लगाकर पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है।
इसके चलते कांवड़ यात्रा मार्ग को पार करने के लिए शहरवासी केवल जिला अस्पताल तिराहा व मीनाक्षी चौक के ही भरोसे रह गए हैं। इससे पूरा शहर दो हिस्सों में बंट गया है, जिसका सीधा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में कई जगह लगा जाम
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों की संख्या बढ़ने के कारण प्रशासन ने शहर में रुड़की रोड पर गली मोहल्लों और अन्य संपर्क मार्ग ब्लॉक कर दिए है। रुड़की रोड अब शहर को दो हिस्सों में बांट रहा है। केवल मीनाक्षी चौक और जिला अस्पताल तिराहे पर ही क्रासिंग छोड़ी गई है।
ऐसे में शहर में जाम की समस्या बन गई है। दुपहिया वाहनों और ई रिक्शाओं को काफी घूम कर शहर में आना पड़ता है। इस कारण मीनाक्षी चौक से आर्य समाज रोड और उधर जिला अस्पताल तिराहे से घास मंडी, अंसारी रोड पर वाहनों का जबरदस्त भार बढ़ गया है।
बुधवार से ही यह व्यवस्था लागू की और पहले ही दिन पूरा शहर में जाम लग गया, जिससे घंटों राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। स्कूल से आते बच्चे भी जाम में फंसे रहे। महावीर चौक, प्रकाश चौक, अंसारी रोड, आर्यपुरी, घास मंडी, मालवीय चौक पर जाम लगा रहा। आने वाले दिनों में जाम के कारण लोगों को काफी मुसीबतें झेलनी पड़ सकती है।