व्यापारियों ने गिनाईं समस्याएं, बैटरे बरामदगी की मांग
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन में सोमवार दोपहर व्यापारी सुरक्षा को लेकर आयोजित बैठक में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रुड़की रोड पर ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग न होना व भोपा रोड पर एक दुकान से 25 बैटरे चोरी होने का मामला गर्माया। बैठक में मौजूद एसपी अपराध ने व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
व्यापारियों ने कहा कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है अभी तक रुड़की रोड पर रखे ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग नहीं की गई है। कहा कि शिविर में सेवा करने वालों को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी या कर्मचारी परेशान न करें। शहर में काफी किशोर ई-रिक्शा दौड़ा रहे हैं, उनके पास न तो लाइसेंस है और न ही उन्हें यातायात नियमों की जानकारी है। वह जहां चाहें ई-रिक्शा रोक देते हैं। कहा कि भोपा रोड पर एक दुकान से डेढ़ माह पहले 25 बैटरे चोरी हुए थे। आज तक चोर नहीं पकडे़ गए। बैटरे भी बरामद नहीं हुए। व्यापारी नेता कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि यातायात पुलिस ने शिव चौक, भगत सिंह रोड पर आने जाने के लिए तीस ई-रिक्शा को अनुमति दी थी, लेकिन सराफा बाजार व हनुमान टीला के पास पुलिसकर्मी इन्हें रोकते हैं। दो दिन पहले ऐसी ही एक रिक्शा को रोकने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से बात कर भगत सिंह रोड पर भिजवाया था।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कृष्ण गोपाल मित्तल, राकेश त्यागी, सरदार बलवेंद्र सिंह, संजय मिश्रा, सुनील ग्रोवर, पवन वर्मा, सरदार सतपाल सिंह, संजय मित्तल, अजय सिंघल, सुरेंद्र कुमार, सलीम आदि व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों के अलावा सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव, थाना सिविल लाइन प्रभारी संतोष त्यागी, नई मंडी कोतवाली प्रभारी सुशील सैनी, यातायात निरीक्षक ब्रज किशोर त्यागी शामिल रहे।
पुलिस ने की अपील
- दुकानदार दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें।
- सड़क किनारे बनाई सफेद पट्टी के बाहर वाहन न खड़ा होने दें।
- यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
- कांवड़ के दौरान कोई फिजा न बिगाड़ सके इस पर व्यापारी भी नजर बनाएं रखें। कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें।
व्यापारियों ने जो समस्याएं बर्ताइं उनसे संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहा गया है - प्रशांत कुमार, एसपी अपराध।