मृतक उज्जवल के घर पर परिवार की महिलाएं संवाद
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पचेंडा पुल के पास लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर कर मार दी। देर रात 11:30 हादसे में छपार के गांव दतियाना निवासी दो दोस्तों उज्ज्वल (22) और निखिल (19) की मौत हो गई। यह दोनों अपने ही गांव के रहने वाले शिवम और वंश के साथ बाइक पर घर जा रहे थे। हादसे में दो युवक घायल हुए हैं। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया है।
थाना छपार के गांव दतियाना निवासी उज्ज्वल और निखिल काफी समय से गांधी कॉलोनी में रमाया कैफे में काम करते थे। दोनों दोस्त थे। उन्हीं के गांव के रहने वाले शिवम उर्फ टिंकू व वंश पचेंडा बाइपास के पास किसी होटल में वेटर का काम करते है। चारों का रोजाना साथ आना-जाना बताया गया। उज्ज्वल व निखिल दोनों देर रात ड्यूटी समाप्त कर बाइक पर घर जा रहे थे। बाइक को उज्ज्वल चला रहा था।
पचेंडा पुल के पास गांव के दोनों युवक उन्हें मिले। चारों जैसे ही बाइक पर बैठ कर चले तभी मेरठ की तरफ से लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंची और उसने चारों को टक्कर मार दी। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ कर भाग गया। नई मंडी पुलिस ने पहुंच कर चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया अन्य दोनों युवकों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट उज्ज्वल के पिता जयवीर ने दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।