घने कोहरे में पलटा ट्रैक्टर, दो युवकों की मौत
मुजफ्फरनगर। घने कोहरे के चलते शहर के जानसठ रोड स्थित पुल के नीचे हुए हादसे में दो युवकों की जान चली गई। शामली से स्क्रैप लेकर लौट रहे दोनों युवक पुल की दीवार की साइड लगने से पलटे ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिन्हें जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के दोनों शव घर ले गए, जिन्हें गमगीन माहौल में सुपुर्द ए-खाक कर दिया गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली निवासी आमिर (24) अपने रिश्तेदार जनपद शामली के गांव सिक्का निवासी भूरा उर्फ तालिब (25) के साथ स्क्रैप का काम करता था। शनिवार देर रात दोनों युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में स्क्रैप लेकर शामली से लौट रहे थे। दोनों युवक शहर में जानसठ रोड स्थित पुल पर पहुंचे, नीचे उतरते समय घने कोहरे के चलते वे पुल की दीवार नहीं देख पाए। इसके चलते तेज रफ्तार ट्रैक्टर पुल की दीवार की साइड लगने से अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों युवक उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही नई मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोबाइल के जरिये दोनों युवकों की पहचान हुई। घटना की सूचना मिलने पर उनके परिजन रात में ही नई मंडी थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने दोनों के शव पंचनामा भरकर पीड़ित परिजनों के सुपुर्द कर दिए। रविवार दोपहर गमगीन माहौल में दोनों के शवों को सुपुर्द ए-खाक कर दिया गया।