रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मंसूरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक का बैलेंस खराब होने पर मालगाड़ी रोकनी पड़ी। जिसकी वजह से करीब पौने छह घंटे तक फाटक बंद रहा और लंबा जाम लग गया। जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। रविवार को मंसूरपुर रेलवे स्टेशन के तीन नंबर ट्रैक का बैलेंस अचानक खराब हो गया।
जिस कारण सहारनपुर से दिल्ली जा रही मालगाड़ी ट्रेन को स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। ट्रैक का बैलेंस खराब होने से ट्रेन के चालक ने गाड़ी को आगे ले जाने से इंकार कर दिया। फाटक बंद होने से किसानों की गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली और भैंसा बुग्गियां समेत अन्य वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
शुगर मिल में गन्ना लेे जाने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली कंट्रोल रूम से आदेश मिलने के बाद इंजीनियरों ने ट्रैक का बैलेंस ठीक किया। तब कहीं जाकर ट्रेन को निकाला गया। सुबह दस बजे से खड़ी मालगाड़ी को शाम करीब पौने चार बजे निकाला गया। इसके बाद राहगीरों और किसानों को राहत मिल सकी।