योग दिवस पर स्टेडियम में भी बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं योग-आसन करेंगे। योग दिवस को लेकर स्टेडियम में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंगलवार रात को आई बारिश ने मैदान की व्यवस्था में खलल डाल दिया, जिसको लेकर स्टेडियम अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान डॉक्टर और पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार विश्व योग दिवस पर योग क्रियाएं कराई जाएंगी। सुबह छह बजे से स्टेडियम में लोगों से जुटने का आह्वान किया गया है। स्टेडियम में बुधवार को तीन हजार से अधिक लोग योगासन करेंगे। प्रशासन ने छोटे स्कूलों से 50 और इंटर कालेज और डिग्री कालेजों से 100 छात्र-छात्राओं को लाने के बीएसए को निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा भी शहरभर की सामाजिक संस्थाएं कार्यक्रम में हिस्सेदारी होंगी। स्टेडियम में योग का कार्यक्रम सुबह सात बजे से आठ के बीच होगा। उधर, स्टेडियम में बारिश का पानी भरने के कारण व्यवस्था की तैयारियों में खलल पड़ गया। मंगलवार शाम तक स्टेडियम के कर्मचारी मैदान को दुरुस्त करने में लगे रहे।
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने योगाभ्यास स्थान पर एंबुलेंस, चिकित्सक और जीवन रक्षक औषधियों के साथ पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्टेडियम के निकट और भीतर पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार सिंह ने बताया कि योग दिवस को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार कोे धूमधाम से योग दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में स्टेडियम से भी करीब 400 छात्र-छात्राएं और कर्मचारी शमिल होंगे।
शुकदेव आश्रम में भी होंगे आसन
मुजफ्फरनगर। राज्य आयुष सोसायटी के तत्वावधान में योग दिवस पर स्वामी शुकदेव आश्रम शुक्रताल में भी योगासन होगा। योग प्रशिक्षक कांति प्रसाद बिंदल ने कहा कि योग करने से शरीर निरोग होता है। नियमित योग करने वाले व्यक्ति के शरीर में लचीलापन होने के साथ अन्य के मुकाबले बीमारियों से तेजी से लडऩे वाला होता है। योग से स्वास्थ्य के साथ शारीरिक लाभ होते हैं।
योग से मिलेगी रोगों से मुक्ति
मुजफ्फरनगर। डीएवी कालेज में बुधवार को योग दिवस पर योगाभ्यास कराया जाएगा। कॉलेज में स्पिक मैके के तत्वावधान में पांच दिवसीय योग का शुभारंभ किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को पांच दिनों तक योग की विभिन्न क्रियाएं सिखाई जाएंगी। मंगलवार को कालेज में प्रबंध समिति के सचिव डॉ एमके बंसल, प्राचार्य डॉ पीके गुप्ता ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। कालेज में प्रत्येक छात्र-छात्राओं को उपस्थिति होने के निर्देश दिए गए हैं।