खतौली। तहसील में महिलाओं ने राशन की दुकान के आवंटन के विरोध में धरना दिया। महिलाओं ने दुकान का आवंटन निरस्त कराने की मांग को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम को शिकायती पत्र दिया। एसडीएम ने जनता की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण कराया। कुल 45 शिकायतें आई, जिनमें से मात्र छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हो सका।
तहसील में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अतुल कुमार ने जनता की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण कराया। गांव बिहारीपुर की दो दर्जन से अधिक महिलाएं एकत्र होकर तहसील में पहुंची। इन महिलाओं ने तहसील में धरना दिया।
महिलाओं ने शिकायती प्रार्थना पत्र एसडीएम को दिया। महिलाओं का आरोप था कि पूर्ति निरीक्षक और ब्लाक के अधिकारियों की मनमानी के वजह से उनके गांव के बजाए दूसरे गांव बाहपुर में राशन की दुकान का गुपचुप तरीके से आवंटन कर दिया है, जबकि उनके गांव बिहारीपुर में 300 राशन कार्ड हैं, जबकि गांव बाहपुर में मात्र 30 ही राशन कार्डधारक हैं।
इसके बावजूद गांव बाहपुर में गुपचुप तरीके से सोमवार को राशन की दुकान का आवंटन करा दिया गया। महिलाओं ने इसकी जांच कराने तथा राशन दुकान की आवंटन प्रक्रिया को निरस्त कराने की मांग की। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक दीपांकर शर्मा को आवंटन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए हैं। एसडीएम ने जनता की शिकायतों को सुना। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह, तहसीलदार अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।