तिस्सा गांव में हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मोरना के गांव तिस्सा के भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ पर एक महिला ने अभद्रता करते हुए कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। जिसको लेकर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए बैंक का गेट तोड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बैंक स्टाफ पर करहेड़ा निवासी युवक से सांठगांठ कर कैश में हेराफेरी करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत किया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
थाना भोपा क्षेत्र के गांव तिस्सा के भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पर उस समय भारी हंगामा हो गया। जब तिस्सा की रहने वाली महिला तरजुफाना पत्नी शमशाद ने बैंक स्टाफ, गार्ड पर अभद्रता कर कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। इससे ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और बैंक का गेट तोड़ने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे थाना भोपा के एसआई अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया और एक युवक को हिरासत में ले लिया।
शबी हैदर ने बताया कि वह पैसे लेने के लिए तीन दिन से बैंक के चक्कर काट रहा है। उसका बीमार भांजा मेरठ अस्पताल में भर्ती है। पैसे न मिलने से उसका इलाज ठीक से नहीं हो पा रहा है। किशनपुर प्रधान गुफरान, तेवड़ा प्रधान मरगुबुर्रहमान, फारूख, मतलूब, मुनफैद अली, नूर हसन, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अय्यूब, मोहम्मद आरिफ, दयाराम, इनामुल्ला, कल्लू, शाहनवाज, सोमकुमार, परवेज आदि ने बैंक स्टाफ पैसे न देने के आरोप लगाए। शाखा प्रबंधक संदल अग्रवाल ने बताया कि बैंक में प्रतिदिन 20 लाख का कैश आता है, जो पर्याप्त नहीं है। जितना भी कैश आता है, उसे तुरंत बांट दिया जाता है।