मुजफ्फरनगर में परिवार के मतदान करते राकेश टिकैत।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/भौराकलां। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने सिसौली के डीएवी इंटर कॉलेज में सपरिवार मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सबको है। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने परिवार के साथ शहर के चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज में मतदान किया।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत दोपहर सवा दो बजे पर अपने पुत्र गौरव टिकैत एवं समर्थकों के साथ डीएवी इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर पहुंचे। मतदान कर्मचारियों को पहचान पत्र दिखाकर मतदान में हिस्सा लिया। भाकियू अध्यक्ष ने इसके बाद मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा लोकतंत्र में सभी को वोट करने का अधिकार है। निष्पक्ष रुप से बिना किसी भेदभाव के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने चाहिए। स्वस्थ एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत अपने परिवार के साथ दोपहर 12 बजे के करीब सरकुलर रोड स्थित चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपने-अपने हिसाब से मतदान करना चाहिए। मतदान केंद्र से बाहर निकलने के दौरान कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल भी पहुंच गए। दोनों नेताओं ने हंसी-खुशी के माहौल में बातचीत की। काफी देर तक चुनाव और किसानों के मुद्दों पर बातचीत हुई।