मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज नगर में आगमन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आठ जिलों के एक दर्जन एएसपी, डीएसपी के अलावा डेढ़ हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगाह रहेगी। ड्रोन व आइबी सहित कई खुफिया व कई सुरक्षा एजेंसियों की टीम रविवार शाम से निगरानी कर रही है। एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल पर पुलिसकर्मियों को ब्रिफिंग कर निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नगर में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
सोमवार को मुख्यमंत्री का नगर में आगमन होगा। वह अहिल्याबाई चौक पर पहुंचेंगे और इसके बाद नुमाइश कैंप मैदान में कार्यक्रम में पहुंचेंगे। सुरक्षा क मददेनजर पुलिस अधिकारियों ने पुख्ता इंतजाम किए है। मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद, शामली, बागपत, बरेली सहित आठ जनपदों के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षा में तैनात किया गया है।
यह सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी स्थल पर सुबह छह बजे पहुंच जाएंगे। एसएसपी ने बताया कि ड्रोन से विशेष निगरानी की जाएगी। आईबी, एटीएस, बीटीएस, एलआइयू, इंटेलिजेंस की टीम भी पहुंची है। होटल, सराय आदि व कार्यक्रम स्थल पर पड़ने वाली कॉलोनियों व मोहल्लों में संदिग्धों का पुलिस सत्यापन कर रही है। पुलिस बल छतों पर भी तैनात रहेगी।